साक्षात्कार की तैयारी कैसे करें!
प्रायः देखा गया है कि अनुभवी व्यक्ति भी अक्सर साक्षात्कार (interview) के नाम से नर्वस हो जाते हैं, फिर पहली बार साक्षात्कार (interview) का सामना करने वाले का घबरा जाना तो स्वाभाविक ही है। किन्तु यदि हम पहले से ही तैयार रहें तो किसी भी साक्षात्कार (interview) का सामना सफलता पूर्वक कर सकते हैं।
साक्षात्कार (interview) क्या होता है?
किसी प्रत्याशी की योग्यताओं का आकलन करने के लिये अन्य व्यक्ति या व्यक्तियों के द्वारा उससे बातचीत करने को साक्षात्कार (interview) कहा जा सकता है। यह बातचीत प्रायः प्रश्नोत्तर के रूप में होता है। साक्षात्कार में प्रत्याशी की योग्यताओं तथा बुद्धिमत्ता को परखने के लिये प्रायः वर्तमान हलचलें व खबरें, सामान्य ज्ञान, प्रदान किये जाने वाले जाब आदि के सम्बन्ध में प्रश्न पूछे जाते हैं।
साक्षात्कार के लिये क्या तैयारी करें?
- संस्था के विषय में जानें: जिस संस्था में आप साक्षात्कार देने जा रहे हैं उसके विषय में अधिक से अधिक जानकारी प्राप्त करने का प्रयास करें। उनके वेबसाइट, समाचार पत्र आदि से संस्था का उद्देश्य, क्रिया-कलाप आदि के विषय में ज्ञान प्राप्त करने की कोशिश करें।
- 'जाब' (job) के विषय में जानें: जिस जाब के लिये आपने आवेदन किया है उसके विषय में अधिक से अधिक जानकारी प्राप्त करें।
- महत्वपूर्ण समाचारों पर ध्यान रखें: वर्तमान हलचलों तथा महत्वपूर्ण समाचारों से स्वयं को अवगत कराते रहें। न्यूज चैनल देखें तथा समाचार पत्र पढ़े।
- सामान्य ज्ञान बढ़ायें: विशेष करके अपने नगर, प्रदेश और देश के विषय में सामान्य ज्ञान बढ़ाने का प्रयास करें।
विशेष ध्यान देने वाली बातें
- मन से जो घबराहट और अनजान भय है उसे निकालने का प्रयास करें। स्वयं में आत्म-शक्ति (will power) उत्पन्न करें।
- साक्षात्कार के लिये सादे तथा साफ-सुथरे वस्त्रों में जायें।
- प्रश्नों का उत्तर संयत होकर दें।
- संक्षिप्त में सारगर्भित उत्तर दें, उत्तरों को अनावश्यक रूप से लंबा करने से बचें।
- अपने उत्तरों में अपनी योग्यताओं तथा बुद्धिमत्ता को झलकाने का प्रयास करें।
साक्षात्कार में सामान्य रूप से पूछे जाने वाले प्रश्न
आपकी जानकारी के लिये यहाँ पर साक्षात्कार (interview) में सामान्य रूप से पूछे जाने वाले प्रश्न दिये जा रहे हैं:
- अपने विषय में बताइये?
- हमारी संस्था के विषय में आप क्या जानते हैं?
- क्या आप समझते हैं कि आप इस जाब के काबिल हैं?
- आप हमारे लिये ऐसा कौन सा काम कर सकते हैं जो कोई दूसरा नहीं कर सकता?
- कम्प्यूटर आपरेटर (या जिस जाब के लिये साक्षात्कार लिया जा रहा है वह पद) के लिये कौन सी योग्यताएँ आवश्यक होती हैं?
- आप हमारी संस्था में क्यों काम करना चाहते हैं?
- अपने नियन्त्रण-प्रबंध (control management) के विषय में बताइये?
- एक प्रबंधक के लिये कौन से कार्य सर्वाधिक कठिन होते हैं?
- आपका पिछला मालिक आपको कैसा व्यक्ति लगता था?
- आपके पिछले जाब में आपकी कौन कौन सी उपलब्धियाँ रही हैं?
- क्या इस पद को आप अपने योग्य समझते है?
- आपके कैरियर गोल्स (career goals) क्या हैं?
- यदि आपका देश के किसी अन्य स्थान में स्थानांतरण कर दिया जाये तो क्या आपको स्वीकार होगा?
- आप कौन कौन सी कमजोरियाँ हैं?
- ऐसा कौन सा प्रश्न है जिसके पूछने की आप उम्मीद कर रहे थे किन्तु पूछा नहीं गया?
- क्या आप हम से कुछ प्रश्न पूछना चाहते हैं?
- यदि आपको हमसे कुछ पूछने के लिये कहा जाये तो आप क्या पूछेंगे?
Back To Home
|